डीजीपी ने जारी किए सख्त निर्देश, संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर।

 डीजीपी ने जारी किए सख्त निर्देश, संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने मंगलवार को अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। डीजीपी ने कहा कि होलिका दहन के दौरान संवेदनशील स्थानों पर वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौजूद रहें और भ्रमण करें, खासकर उन जगहों पर जहां पहले विवाद की स्थिति बनी हो। इसके साथ ही, अग्निशमन वाहनों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
होली के दिन अतिरिक्त सतर्कता जरूरी
डीजीपी ने बताया कि इस बार होली का त्योहार शुक्रवार को पड़ रहा है, जो जुमे की नमाज के दिन के साथ मेल खाता है। इसे देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए कहा। उन्होंने जोर दिया कि अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। बीते वर्षों में होली से जुड़े विवादों और मुकदमों की समीक्षा कर प्रभावी कदम उठाने के भी निर्देश दिए गए।
संवेदनशील इलाकों में विशेष व्यवस्था
मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, जुलूस के मार्गों, जंक्शन प्वाइंट्स और कम्युनल हॉट स्पॉट्स पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। इन जगहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ-साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी के भी आदेश हैं। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी नई परंपरा को शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शांति बनाए रखना प्राथमिकता
प्रशांत कुमार ने मातहत अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि होली और आगामी त्योहारों के दौरान प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखी जाए, ताकि आम जनता बिना किसी डर के त्योहार का आनंद ले सके।
यूपी पुलिस इस बार होली को लेकर कोई कोताही बरतने के मूड में नहीं है और सभी संवेदनशील इलाकों में कड़ी नजर रखी जा रही है।
Previous articleत्योहारों में शरारती तत्वों पर पुलिस का पहरा।
Next articleसमय सीमा में लापरवाही पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की सख्ती, मार्च 2025 तक पूरा हो गोद्धोईया नाला कार्य।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here