शराब पिलाकर करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप, संदिग्ध मौत से परिवार सदमे में
संतकबीरनगर के बखिरा क्षेत्र के कोपिया गांव में 30 वर्षीय जितेंद्र यादव की शनिवार सुबह संदिग्ध हाल में मौत हो गई। पत्नी रोली यादव ने बेलहर क्षेत्र के एक व्यक्ति और उसके बेटे पर शराब पिलाकर करोड़ों की जमीन की रजिस्ट्री कराने, पूरी रकम न देने और पति की मौत का जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। जितेंद्र परिवार के इकलौते पुरुष थे, जिनके पीछे पत्नी और दो साल की बेटी अनन्या रह गई।
आरोप है कि आरोपी ने जितेंद्र के अनपढ़ होने का फायदा उठाया और खलीलाबाद-बखिरा मार्ग पर गाटा संख्या 268 की कीमती जमीन को कई बार में रजिस्ट्री कराया। कुछ रकम देकर बाकी खर्च करा दिया और एक वाहन भी अपने परिजन के नाम खरीदकर दिया। एक सप्ताह पहले जितेंद्र ने पत्नी को रजिस्ट्री की बात बताई। इसके बाद आरोपी बाप-बेटे उन्हें जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले गए। दो दिन पहले गंभीर हालत में घर छोड़कर चले गए, जिसके बाद शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।
परिजनों का दावा है कि सगे-संबंधियों को मौत की खबर भी नहीं थी, लेकिन आरोपी का बेटा कफन लेकर पहुँच गया था। शरीर पर चोट के निशान और पानी में कुछ मिलाकर पिलाने के आरोप भी लगे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सीओ राम दवन सिंह और एसओ राकेश कुमार सिंह ने मौके पर जाकर जाँच शुरू की।
एसओ राकेश कुमार सिंह: “मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी। आरोपों की जाँच के बाद सख्त कार्रवाई होगी।















