सुरक्षित सड़क, सुरक्षित सफर।
संतकबीरनगर।
संतकबीरनगर में सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई है। जिला अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) सत्यजीत गुप्ता की अगुवाई में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़कों को सुरक्षित बनाने और दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए कई ठोस निर्णय लिए गए। इस बैठक में संबंधित विभागों के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता और तत्परता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।
जिला अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सड़क सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सड़कों का बेहतर प्रबंधन, खतरनाक ब्लैक स्पॉट्स की पहचान और उनका सुधार, साथ ही सड़कों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में यह भी तय किया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1033 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आम जनता तक इसकी जानकारी पहुंचे और जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल हो सके।
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने इस मौके पर यातायात नियमों के पालन और जागरूकता अभियानों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों पर भी चर्चा हुई और इनसे निपटने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर बल दिया गया। यह कदम न सिर्फ संत कबीर नगर की सड़कों को सुरक्षित बनाएगा, बल्कि लोगों के जीवन को भी सुरक्षित करने में मददगार साबित होगा।















