उत्तरप्रदेश गोरखपुर गोरखनाथ थाना क्षेत्र के दिग्विजयनगर में बुधवार रात दो बजे के करीब रेलकर्मी अफरोज (50) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि 25 साल की पत्नी शादिया ने प्रेमी और किराएदारों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने रेलकर्मी के भाई जावेद की तहरीर पर पत्नी शादिया, किराएदार अरसद, अभिषेक चौधरी व अन्य दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
वारदात के वक्त कमरे में ही थी पत्नी
भाई जावेद अंसारी ने कहा, ”जब पुलिस पहुंची, तो साजिया उसी कमरे में थी। उसने पुलिस को बताया कि पति की हत्या कब और कैसे हुई? उसे पता नहीं चला। रात करीब 2 बजे जब उसकी नींद खुली, तो उसने पति की लाश को देखा। उसने हत्या करते समय किसी को नहीं देखा।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी पत्नी समेत 10 किराएदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, रेलकर्मी अफरोज के भाई ने मृतक की पत्नी, महराजगंज जिले के रहने वाले एक किराएदार और दो अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है।आरोपी, घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए हैं। पुलिस, पत्नी समेत दस किराएदारों को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है। उधर, हत्या की सूचना पर भाई जब कमरे में पहुंचा तो रेलकर्मी की लाश के बगल में ही उसकी पत्नी सोई मिली। उसने घटना के बारे में कुछ भी जानकारी होने से इन्कार किया है।
जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ इलाके के जटेपुर उत्तरी के निवासी मोहम्मद अफरोज रेलवे के सीडीओ कार्यालय में सीनियर टेक्नीशियन थे। उन्होंने एक मकान दिग्विजयनगर में भी बनाया है। छह महीने पहले उन्होंने एक महिला से कोर्ट मैरिज कर ली और उसके साथ नए मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे। ऊपर के चार फ्लोर पर बने लगभग 10 कमरों में किराएदार रहते थे। बुधवार की रात में मोहम्मद अफरोज और शादिया अपने कमरे में थे।
अफरोज के भाई जावेद अंसारी ने बताया कि रात 1.30 बजे के आस पास एक किराएदार ने उन्हें फोन करके भाई की हत्या की जानकारी दी। वह अपने अन्य भाइयों के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां कमरे में फर्श पर खून से लथपथ भाई की लाश पड़ी थी। उनकी गला रेतकर बर्बरता पूर्वक हत्या की गई थी।
परिजनों ने पत्नी, उसके प्रेमी और किराएदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर के आधार पर नामजद व अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पत्नी व अन्य को हिरासत में लेकर जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम व अन्य साक्ष्यों की मदद से घटना का जल्द पर्दाफाश कर लिया जाएगा। -कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी सिटी














