ऑटो सवार महिला यात्री का ढाई लाख के जेवरात रखा बैग गायब।
-भीटी रावत से ऑटों में बैठ कर खलीलाबाद मेंहदावल बाईपास पहुंची महिला
-बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने जा रही थी मेंहदावल क्षेत्र के बढ़या ठाठर
-मेंहदावल बाईपास पर साढ़े तीन घंटे तक ऑटो चालक को तलाशती रही
-टेंपो चालक पर जेवरात रखा बैग कर भाग जाने का मढ़ा आरोप
-सूचना पर सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
संतकबीरनगर।।।।
ऑटो सवार एक महिला का करीब ढाई लाख कीमत के जेवरात रखा बैग मंगलवार को गायब हो गया। मेंहदावल बाईपास पर महिला ऑटो से उतरी तब उसे पता चला। महिला का आरोप है कि ऑटो चालक ही उसका जेवरात रखा बैग लेकर भाग गया। करीब साढ़े तीन घंटे से अधिक समय तक महिला ने मेंहदावल बाईपास पर ऑटो चालक की तलाश किया। फिर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को घटना की जानकारी दी। बाद में महिला ने कोतवाली पहुंच कर घटना की सूचना पुलिस कर्मियों को दी।
बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के खरका गांव की रहने वाली पुष्पा पत्नी सोमनाथ ने बताया कि गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र के भरपुरवा गांव में उसका मायका है। मेंहदावल थाना क्षेत्र के बढ़या ठाठर में उसकी बुआ ब्याही हैं। बुआ की बेटी की शादी है। उसी में शामिल होने के लिए वह अपने बड़े पिता संतोषी के साथ बढ़या ठाठर जाने के लिए मायके से निकली थी। भीटी रावत से ऑटो से बड़े पिता के साथ सवार हुई। ऑटो में एक महिला और चार-पांच यात्री सवार थे। वह बैग में हाथ पलानी, टीका, नथिया, पायजेब, पायल आदि करीब ढाई लाख का जेवरात रखी थी। मेंहदावल बाईपास पर ऑटो से उतरी और ऑटो में ही बैग छूट गया। आरोप है कि जैसे ही पता चला,वैसे ही ऑटो चालक को ढूंढ़ने लगी, लेकिन न तो ऑटा खड़ा था और न ही चालक मिला। उसने आशंका जाहिर किया है कि ऑटो चालक ही उसका जेवरात रखा बैग लेकर भाग गया। महिला पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे से शाम तीन बजे तक मेंहदावल बाईपास पर ऑटो चालक की तलाश में भटकती रही। बाद में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के पास पहुंची और घटना बताई। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने महिला को कोतवाली भेज दिया। कोतवाली पहुंची महिला ने पुलिस कर्मियों को घटना की जानकारी दी। कोतवाल सतीश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद तत्काल मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। ऑटो चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही ऑटो चालक को ढूंढ़ लिया जाएगा।















