ससुर और साले के खिलाफ घायल के भाई ने दर्ज कराया मुकदमा।
-नाथनगर में युवक पर हुई फायरिंग का मामला
-गोरखपुर में चल रहा है इलाज
-खतरे से बाहर बताया जा रहा है राम जैन
—————————————-
सन्तकबीरनगर।
महुली थाना क्षेत्र के नाथनगर पीएनबी शाखा के निकट मंगलवार की देर शाम राम जैन शर्मा के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस ने ससुर और साले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। राम जैन के बड़े भाई ने थाने में दोनों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। हमले में गंभीर रूप से घायल राम जैन का गोरखपुर में इलाज चल रहा है। उसे खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
नाथनगर पीएनबी शाखा के निकट मंगलवार की देर शाम बाइक सवार युवक पर दूसरी बाइक से आए मनबढ़ों ने हत्या की नीयत से ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। इसके बाद उनका मन नहीं भरा तो घायल को दौड़ाकर सटाकर गोली मार मारकर घायल कर दिया। असलहा लहराते हुए हमलावर भाग गए थे। पुलिस को दी गई तहरीर में जसोवर गांव निवासी राम जनम शर्मा पुत्र स्व. मंगरू शर्मा ने बताया कि प्रेम विवाह के चलते उसके छोटे भाई राम जैन के ऊपर परमात्मा और सोनू ने पिस्टल से फायरिंग करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने परमात्मा शर्मा पुत्र अज्ञात, सोनू शर्मा पुत्र परमात्मा शर्मा निवासीगण थवईपार कोतवाली खलीलाबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं जिला अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद राम जैन का गोरखपुर में इलाज चल रहा है। उसे अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
——————————————-
घटना को लेकर लोगों में है दहशत :
नाथनगर में प्रेम विवाह के चलते युवक के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना होने के बाद स्थानीय लोग भयभीत नजर आ रहे है। मौजूद लोग मंजर को याद करके सिहर जा रहे थे। अचानक हुई फायरिंग का लोगों को अहसास नहीं था। जब घटना हुई सिहर गए।
————————————-
अवैध असलहा तानने से रुक गए लोगों के कदम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक को गोली मारने के बाद भागते समय बदमाश कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर गिर गए थे। यह दृश्य देख साहसी लोगों की भीड़ मनबढ़ों को पकड़ने के लिए तेजी से आगे बढ़ी लेकिन जैसे ही एक मनबढ़ ने अवैध असलहे को भीड़ की तरफ तान कर वापस लौटने की धमकी दी। वैसे ही लोगों के पैर रुक गए। किसी में हिम्मत नहीं हुई कि वह आगे की तरफ बढ़ सके। इसके बाद बदमाश असलहा लहराते हुए भाग खड़े हुए।
———————————
नाथनगर में अतितिक्त फोर्स रही मौजूद :
नाथनगर में कल की घटना के बाद बुधवार को पुलिस सहायता केंद्र के निकट जिले से पहुंची अतिरिक्त फोर्स मौजूद रही। जिसका मुख्य कारण था कि किसी भी परिस्थिति में स्थिति को नियंत्रण करना। पुलिस टीम पीएनबी बैंक पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालने में लगी रही। अन्य स्थानों की दुकानों पर लगे कैमरे को देखकर बदमाशों के भागने के रूट की जानकारी ले रही थी। पुलिस सूत्रों की माने तो दो लोगों को इस मामले में हिरासत में लिया गया है। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।















