करंट की चपेट में आने से राजगीर की मौत।
संतकबीरनगर।
बेलहर क्षेत्र के रमवापुर सरकारी गांव के रहने वाले राजगीर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर सोमवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पीड़ित परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल था।
रमवापुर सरकारी गांव निवासी पीड़ित बेटे बृजेश ने बताया कि उसके पिता राजकुमार (56) पुत्र राम किशोर राजगीर का काम करते थे। पिता रविवार को काम करने गए थे। उसी दौरान लोहे की सरिया उठा रहे थे और सरिया हाईटेंशन तार के स्पर्श कर गया। जिससे उसके पिता राजकुमार करंट की चपेट में आकर झुलस गए। आनन-फानन में झुलसे पिता को सिद्धार्थनगर जिले के बांसी सीएचसी में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। पीड़ित परिजन शव घर ले आए। सूचना पर बेलहर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोमवार को भेजा। पोस्टमार्टम हाउस आए ग्रामीणों ने बताया कि राजकुमार के तीन बेटे राकेश, बृजेश और संतोष हैं। घटना से पीड़ित परिजन गमगीन थे।















