ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत।
———————————————————
संतकबीरनगर ।
खलीलाबाद शहर के स्टेशनपुरवा की रहने वाली एक महिला की सोमवार की भोर में त्रिपाठी मार्केट रेलवे क्रासिंग से 500 मीटर पूरब ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ के कर्मी मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंची पीड़ित बेटी का रो-रो कर बुरा हाल था।
जीआरपी चौकी इंचार्ज मनोज कुमार यादव ने बताया कि सोमवार की भोर में त्रिपाठी मार्केट रेलवे क्रासिंग से 500 मीटर पूरब ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत होने की सूचना मिली। सूचना पर सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे तो लोगों की भीड़ जुट गई। शव की पहचान खलीलाबाद शहर के स्टेशनपुरवा निवासी मुन्नी देवी (55) पत्नी कमलेश के रूप में हुई। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मुन्नी देवी नित्य क्रिया के लिए गई थी। रेलवे क्रासिंग पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गई और उनकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। पोस्टमार्टम हाउस आए सभासद वीरेंद्र यादव ने बताया कि मुन्नी की चार बेटियां और इकलौता बेटा राज है। बेटा बीए में पढ़ता है। जबकि सभी बेटियों की शादी हो गई है। पति रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद गए हैं। सूचना पर पति हैदराबाद से घर के लिए चल दिए हैं।















