पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उलझी वृद्ध निर्मल के मौत की गुत्थी।
-पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण अस्पष्ट,बिसरा सुरक्षित
-दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी पुलिस
-मृतक का बेटा गांव के पूर्व प्रधान की हत्या के मुकदमें में है गवाह
-पूर्व प्रधान की हत्या के एक आरोपी पर गवाही देने पर धमकी देने का आरोप
-बड़े के बाहर से आने पर रविवार को होगा शव का अंतिम संस्कार
-सुरक्षा के मद्देनजर दो दरोगा समेत दस पुलिस कर्मी और क्यूआरटी लगी
———————————————————–
संतकबीरनगर।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के नौहट के रहने वाले वृद्ध निर्मल चौधरी के शव को शनिवार को पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम हाउस पर काफी गहमा गहमी रही। वृद्ध के मौत की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नहीं सुलझ सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं है, डॉक्टरों ने रिपोर्ट को बिसरा सुरक्षित कर दिया है। इधर पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है।
नौहट निवासी पीड़ित बेटे यशवंत चौधरी का आरोप है कि शुक्रवार को वह और उसके पिता निर्मल चौधरी घर से जा रहे थे। रास्ते में जल जीवन का काम चल रहा था, जो नौहट भट्ठे के पास है। उसमें पेड़ की जड़ की खुदाई चल रही थी। वहां पर हरिराम चौधरी, श्रीराम चौधरी, संतराम चौधरी, रोहित चौधरी, नागेंद्र चौधरी, सदानंद और प्रेमशीला पत्नी रोहित पेड़ की जड़ ले जा रहे थे। वह और उसके पिता निर्मल चौधरी, वासुदेव विश्वकर्मा ने मना किया तो उक्त लोग सरिया, रॉड, हॉकी, लात-घूसों से उसे और उसके पिता व वासुदेव विश्वकर्मा को मारने-पीटने लगे। वे सब कह रहे थे कि परमात्मा चौधरी ने कहा कि उन लोगों को जान से मार डालो। शोर सुनकर गांव के लोग पहुंचे और बचाव किए। उसे और वासुदेव को चोटें आईं। जबकि पिता निर्मल को लोग ज्यादा मारपीट दिए थे। लोगों की मदद से पिता को जिला अस्पताल ले गए, वहां उनकी मृत्यु हो गई। वह गांव के पूर्व प्रधान कौशल चौधरी की हत्या के मुकदमे में गवाह है। इसी कारण उक्त मुकदमे के अभियुक्त परमात्मा चौधरी द्वारा धमकी दी गई थी कि जो भी गवाही करेगा, उसको छोड़ेंगे नहीं। पुलिस ने इस मामले में हरिराम चौधरी, श्रीराम चौधरी, संतराम चौधरी, रोहित चौधरी, नागेंद्र चौधरी, सदानंद चौधरी, प्रेमशीला और परमात्मा चौधरी के खिलाफ हत्या, मारपीट, षड़यंत्र का केस दर्ज किया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। कोतवाल सतीश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्ध के शरीर पर कोई चोट नहीं आई है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है और रिपोर्ट बिसरा सुरक्षित किया गया है। रिपोर्ट बिसरा जांच को भेजा जाएगा। उसके बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विवेचना प्रचलित है।
—————————————–
बड़े बेटे का हो रहा इंतजार, आज होगा अंतिम संस्कार
कोतवाल सतीश सिंह ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था के मद्देजनर दो दरोगा, आठ हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और क्यूआरटी लगाई गई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर ले गए। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि बड़े बेटे बाहर रहते हैं, जो सूचना पर घर आ रहे हैं। बड़े बेटे के आने के बाद रविवार को अजगईबा घाट पर शव का अंतिम संस्कार करेंगे।
———————————
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में निर्मल चौधरी की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट बिसरा सुरक्षित है। पीड़ित बेटे यशवंत की तहरीर पर तीन सगे भाई समेत आठ के खिलाफ हत्या, मारपीट, षडयंत्र का केस दर्ज है। मामले की विवेचना चल रही है। पुलिस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
अजीत चौहान















