आबकारी विभाग ने लाइसेंसी दुकानों को दे दी लूट की छूट।
आबकारी विभाग ने लाइसेंसी दुकानों को दे दी लूट की छूट
– जिले के अंग्रेजी, देशी शराब व वीयर की दुकानों से गायब हैं रेट लिस्ट
– 10 से 15 रुपये अधिक लेकर 24 घंटे लाइसेंसी दुकानों से बिक रही शराब
बस्ती।
जिले में लाइसेंसी शराब की दुकानों पर शौकीन लुट रहे हैं। दुकानों से रेट लिस्ट गायब है तो कई दुकानों पर बोर्ड टंगा तो है, मगर उसे पढ़ पाना मुश्किल है। इसका सीधा लाभ लाइसेंसी उठा रहे हैं। शौकीनों को ओवररेट में शराब बेची जा रही है। हालांकि अधिकारी इसे खारिज जरूर करते हैं, मगर दुकानों पर ओवर रेटिंग की शिकायत लगातार हो रही है। यही नहीं दुकान खुलने की समय सीमा तय होने के बावजूद 24 घंटे लाइसेंसी दुकान पर शराब उपलब्ध कराई जा रही है। इसके एवज में 10 से 15 रुपये अधिक देना होता है। और तो और खबर है कि शराब में पानी भी मिलाकर शौकीनों को चूना लगाया जा रहा है।
जिले में देशी की 204, विदेशी मदिरा की 70 जबकि चार मॉडल शॉप के अलावा वीयर की 70 दुकानें संचालित हैं। इन दुकानों के निगरानी के लिए जिले में चार भागों में बांटा गया है। इस पर अलग-अलग क्षेत्रवार निरीक्षक तैनात हैं, जबकि बीट सिपाहियों को भी यहां ड्यूटी लगाई गई है। यह तो हुई व्यवस्था। अब देखिए स्थिति यहां की अधिकांश दुकानों पर कोई रेट लिस्ट नहीं लगाया गया है। इसके चलते ओवर रेटिंग भी गोपनीय ढंग से हो रही है।
एक लाइसेंसी ने दबी जुबान स्वीकारा कि विभाग को हर माह कुछ देना पड़ता है और शराब में कोई खास लाभ नहीं रह गया है, ऐसे में ओवर रेटिंग व पानी का मिश्रण कर आय की जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात तो यह है कि आबकारी विभाग सब कुछ जानते हुए भी चुप्पी साधे हुए है। जिम्मेदारों ने लाइसेसियों को खुली छूट दे रखी है और शौकीन लुट रहे हैं।
जिला आबकारी अधिकारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि दुकानें 24 घंटे खुल रही हैं। यह संज्ञान में नहीं है। कहीं ओवर रेटिंग का मामला संज्ञान में नहीं आया है। यदि ऐसा करते पकड़ा गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। रही रेट बोर्ड की बात तो अधिकांश दुकानों पर बोर्ड हैं, मगर पुराना होने के कारण गंदे हो गए हैं। सभी दुकानों की जांच करा उसे दुरुस्त करवा दिया जाएगा पानी मिलाने की भी बात संज्ञान में नहीं है।















