अजब – गजब, एसी के लिए रुपये मांगना पड़ा भारी ,चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर।
उत्तर प्रदेश। गोरखपुर। पुलिस चौकी में एसी लगवाने के लिए 40 हजार रुपये मांगने के आरोप में चौकी इंचार्ज अरुण सिंह को एसएसपी ने शुक्रवार रात लाइनहाजिर कर दिया। उन्होंने मामले की जांच एसपी उत्तरी को सौंपी है।
गीडा क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति तीन दिन पहले पुलिस कार्यालय पहुंचा और एसएसपी को अपनी पीड़ा बताई। उसने बताया कि कुछ दिन पहले वह एक मामले में नौसड़ पुलिस चौकी प्रभारी से मिलने गया था। आरोप है उस दौरान चौकी प्रभारी ने कहा कि यहां बहुत गर्मी लगती है, एसी लगवा दीजिए। दबाव में उस वक्त उसने हामी भर दी।
उसके बाद चौकी प्रभारी फोन करके नई एसी लगाने के लिए 40 हजार रुपये देने का दबाव बनाने लगे। वह 20 हजार रुपये देने को तैयार था लेकिन वह पूरे रुपये मांग रहे थे। पैसे देने में असमर्थता जताने पर धमकाने लगे।
शिकायतकर्ता ने साक्षी के रूप में एसएसपी को बातचीत की रिकार्डिंग भी सुनाई, जिसमें चौकी प्रभारी रुपये मांग रहे थे। इस पर एसएसपी ने चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर करते हुए मामले की जांच एसपी उत्तरी को सौंप दी। मालूम हो कि इसी चौकी प्रभारी पर कुछ दिन पहले एक महिला की पिटाई का भी आरोप लगा था।















