महाराष्ट्र के नागपुर में हुए राष्ट्रीय पुलिस गेम में जिले के खिलाड़ी ने दिखाया दम – सीआरपीएफ मेरठ में है तैनाती, हरिहरपुर कस्बे के रहने वाले -25 देशों की अंतर्राष्ट्रीय हैंडबाल स्पर्धाओं में दिखा चुके दम।

महाराष्ट्र के नागपुर में हुए राष्ट्रीय पुलिस गेम में जिले के खिलाड़ी ने दिखाया दम

– सीआरपीएफ मेरठ में है तैनाती, हरिहरपुर कस्बे के रहने वाले

-25 देशों की अंतर्राष्ट्रीय हैंडबाल स्पर्धाओं में दिखा चुके दम

संत कबीर नगर। हरिहरपुर। नगर पंचायत हरिहरपुर के रहने वाले हैंडबाल खिलाड़ी मनीष त्रिपाठी ने 10 जून को महाराष्ट्र के नागपुर में हुए राष्ट्रीय पुलिस गेम में ब्रांज मेडल जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। मनीष इस समय सीआरपीएफ में बतौर एसआई पद पर मेरठ में तैनात हैं। वह सीआरपीएफ की टीम की ओर से खेल रहे हैं। मनीष अब तक जाॅर्जिया, डेनमार्क, स्वीडन, जाॅर्डन, बैंकाॅक, पाकिस्तान सहित करीब पचीस देशों में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय हैंडबाल स्पर्धा में मनीष हिस्सा ले चुके हैं।

महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के खेल में सीआरपीएफ टीम की ओर से मनीष ने ब्रांज मेडल जीता है। नगर पंचायत हरिहरपुर के रहने वाले मनीष का झुकाव बचपन से ही खेल के प्रति रहा। पिता रघुनंदन त्रिपाठी ने मनीष का दाखिला रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम गोरखपुर में कराया।

घर का कामकाज देखने के साथ माता स्नेहलता त्रिपाठी ने भी एक स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया था। पिता के सपने और मां की प्रेरणा को अपनी प्रगति का आधार बनाकर मनीष निरंतर हैंडबाल की बारीकियों को सीखने में लगे रहे। स्पोर्ट्स स्टेडियम गोरखपुर के बाद मनीष का चयन सैफई स्टेडियम के लिए हुआ। यहीं से मनीष के कॅरिअर को मुकाम मिलना शुरू हो गया।

पहले जूनियर हैंडबाल की राष्ट्रीय स्पर्धाओं में हुनर का लोहा मनवाया, उसके बाद मनीष का चयन सीनियर हैंडबाल टीम में हुआ। वह लगातार पचीस देशों में आयोजित हैंडबाल की अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में स्वर्ण व अन्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किए। चार साल पहले उनका चयन सीआरपीएफ में सब इंसपेक्टर के पद पर हो गया।

फोन पर हुई बातचीत में मनीष ने बताया कि पिता के संघर्षों का दौर आज भी उन्हें याद है। उनके त्याग और तपस्या का परिणाम रहा जो यह मुकाम हासिल हुआ। मनीष की उपलब्धि पर डॉ. अमरेंद्र पांडेय, आलोक पांडेय, विजय शुक्ल, सुभाष त्रिपाठी आदि लोगों ने बधाई दी है।

Previous articleनए सत्र के लिए सूर्या इंटरनेशनल की तैयारियॉ पूरी।
Next articleग्रुप कमांडर ने किया एनसीसी थल सेना कैंप का निरीक्षण विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं एनसीसी कैडेट्स : ब्रिगेडियर दीपेन्द्र रावत ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here