डीआईजी ने की मासिक अपराध समीक्षा, वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश
बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के एसपी के साथ हुई बैठक, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर दिया जोर
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने बृहस्पतिवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण तथा लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी ने लंबित और आंशिक विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण कराने के साथ गैंगस्टर, वांछित, पुरस्कार घोषित, जिला बदर और गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के आरोपियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा संगीन अपराध, महिला अपराध, एससी-एसटी और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा। साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए जनपद स्तर पर साइबर एक्शन प्लान के तहत प्रभावी कार्रवाई करने और साइबर अपराध में इस्तेमाल मोबाइल व आईएमईआई नंबरों को अधिकाधिक ब्लॉक कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने यक्ष ऐप पर लंबित बीट सूचनाओं पर संबंधित उपनिरीक्षक, थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारियों की टिप्पणी दर्ज कराने तथा सीसीटीएनएस, आईजीआरएस, एनसीआरबी, कर्मयोगी पोर्टल, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और अन्य ऑनलाइन पोर्टलों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, भूमि विवाद के मामलों में निरोधात्मक कार्रवाई और अपहृता एवं गुमशुदा लोगों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने को कहा। आईटीएसएसओ पोर्टल पर 45 दिन से अधिक लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश भी दिए।
डीआईजी ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए नियम 14(1) और 14(2) के तहत लंबित विभागीय पत्रावलियों, प्रारंभिक जांच, मृतक आश्रित सेवायोजन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और पेंशन से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा। इसके अलावा यातायात माह के दौरान प्रभावी कार्रवाई, 60 और 90 दिन की समयसीमा पार कर चुकी विवेचनाओं के निस्तारण, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जेडएफडी योजना के तहत कार्रवाई और डायल 112 के रिस्पांस टाइम में सुधार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मानव संपदा पोर्टल पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सर्विस बुक अद्यतन कराने तथा आईसीजेएस, एनएएफआईएस, सीईआईआर और नैटग्रिड समेत अन्य पोर्टलों का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभी शाखा प्रभारी मौजूद रहे।















