जनगणना-2027 में स्व-गणना कर विकास में सहभागी बनें जनपदवासी : डीएम घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण, परेशानी होने पर टोल फ्री नंबर 1855 पर मिलेगी सहायता पंचायत सहायकों से भी ले सकते हैं स्व-गणना में मदद

जनगणना-2027 में स्व-गणना कर विकास में सहभागी बनें जनपदवासी : डीएम

घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण, परेशानी होने पर टोल फ्री नंबर 1855 पर मिलेगी सहायता

पंचायत सहायकों से भी ले सकते हैं स्व-गणना में मदद

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने जनपदवासियों से जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की योजनाओं और भविष्य की जरूरतों को निर्धारित करने का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और आवश्यक सुविधाओं की रूपरेखा तैयार करती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है।

डीएम ने बताया कि जनपदवासी जनगणना-2027 के तहत स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना कर सकते हैं। इसके लिए se.census.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज कराना होगा। इस सुविधा के माध्यम से लोग घर बैठे ही स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि स्व-गणना के दौरान किसी प्रकार की समस्या या तकनीकी कठिनाई होने पर नागरिक टोल फ्री नंबर 1855 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग अपनी ग्राम पंचायत में तैनात पंचायत सहायकों से भी संपर्क कर स्व-गणना प्रक्रिया में सहयोग ले सकते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना महज आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए प्रत्येक परिवार और नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपना सही और पूर्ण विवरण दर्ज कराकर इस राष्ट्रीय अभियान में योगदान दे।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और देश की प्रगति एवं विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करें।

Previous articleजन चौपाल में सीएम योगी ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में संगठन की मजबूती और जनसंपर्क बढ़ाने पर दिया जोर
Next articleडीआईजी ने की मासिक अपराध समीक्षा, वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के एसपी के साथ हुई बैठक, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर दिया जोर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here