गीडा के प्लास्टिक पार्क में उद्योगों को मिल रही रफ्तार, 92 भूखंडों में करीब 70 का आवंटन पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे 88 एकड़ में विकसित हो रहा प्रदेश का पहला प्लास्टिक पार्क, दो साल में करीब 10 इकाइयों में शुरू हुआ व्यावसायिक उत्पादन

गीडा के प्लास्टिक पार्क में उद्योगों को मिल रही रफ्तार, 92 भूखंडों में करीब 70 का आवंटन

पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे 88 एकड़ में विकसित हो रहा प्रदेश का पहला प्लास्टिक पार्क, दो साल में करीब 10 इकाइयों में शुरू हुआ व्यावसायिक उत्पादन

गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में विकसित प्रदेश के पहले प्लास्टिक पार्क में प्लास्टिक उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे करीब 88 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित इस पार्क में 92 भूखंड निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से करीब 70 भूखंडों का आवंटन और भुगतान संबंधी प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी गई है। इस परियोजना से पूर्वांचल में प्लास्टिक आधारित उद्योगों के विस्तार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

भारत सरकार के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग की प्लास्टिक पार्क योजना का उद्देश्य प्लास्टिक उद्योग को बढ़ावा देना और वैश्विक बाजार में भारत की भागीदारी मजबूत करना है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत देशभर में 10 प्लास्टिक पार्कों को मंजूरी दी गई है। इनमें गीडा क्षेत्र में विकसित किया जा रहा प्लास्टिक पार्क उत्तर प्रदेश का पहला पार्क है।

पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित होने से इस पार्क को परिवहन और लॉजिस्टिक्स की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। परियोजना के तहत कौशल विकास को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए भारत सरकार की ओर से सीपेट (केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान) को पांच एकड़ भूमि निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। यहां प्लास्टिक उद्योग से जुड़े कौशल विकास और प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही तकनीकी प्रयोगशाला स्थापित करने की भी योजना है।

प्लास्टिक पार्क में स्थापित होने वाली इकाइयों को कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए गेल के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे उद्यमियों को उत्पादन के लिए जरूरी कच्चा माल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

गीडा के एसीईओ राम प्रकाश के अनुसार, प्लास्टिक पार्क में टेक्नोप्लास्ट पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड, विशाल वीडियो एंड एप्लायंसेज (आइसन इलेक्ट्रॉनिक्स), नोवामैक्स, मॉडर्न क्रेट्स प्राइवेट लिमिटेड और गजानन प्लास्टिक्स सहित कई कंपनियां अपनी इकाइयां स्थापित कर रही हैं। पिछले दो वर्षों में करीब 10 इकाइयों में व्यावसायिक उत्पादन शुरू हो चुका है।

उन्होंने बताया कि प्लास्टिक पार्क के माध्यम से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Previous articleडीआईजी ने की मासिक अपराध समीक्षा, वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के एसपी के साथ हुई बैठक, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर दिया जोर
Next articleएसपी प्राची सिंह ने पुलिस लाइन में परखी पुलिसकर्मियों की दक्षता, बलवा ड्रिल का कराया अभ्यास साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर अनुशासन और शारीरिक क्षमता बनाए रखने के दिए निर्देश, दंगा नियंत्रण की तैयारियों को भी परखा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here