एसपी प्राची सिंह ने पुलिस लाइन में परखी पुलिसकर्मियों की दक्षता, बलवा ड्रिल का कराया अभ्यास
साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर अनुशासन और शारीरिक क्षमता बनाए रखने के दिए निर्देश, दंगा नियंत्रण की तैयारियों को भी परखा
अंबेडकरनगर। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट, अनुशासन और परेड की गुणवत्ता का जायजा लिया। साथ ही पुलिस बल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने और पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
परेड के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को नियमित अभ्यास के माध्यम से अपनी शारीरिक दक्षता और कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन, समयबद्धता और शारीरिक फिटनेस का विशेष महत्व है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग और सतर्क रहना चाहिए।
इसके बाद पुलिस लाइन में बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इसमें पुलिसकर्मियों को दंगा और भीड़ नियंत्रण की विभिन्न परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उपद्रवी भीड़ को नियंत्रित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लाठीचार्ज, अश्रु गैस और अन्य दंगा नियंत्रण उपकरणों के इस्तेमाल का अभ्यास कराया गया।
एसपी ने ड्रिल का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को किसी भी आकस्मिक या विषम परिस्थिति में धैर्य, संयम और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षित एवं तैयार रहना जरूरी है।
साप्ताहिक परेड और बलवा ड्रिल का उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता, शारीरिक दक्षता और टीम भावना को मजबूत करने के साथ दंगा एवं भीड़ नियंत्रण की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को तैयार रखना है।















