जनगणना 2027 की तैयारियों को समय से पूरा कराएं अधिकारी : डीएम
नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोहरवाल ने की बैठक, स्वगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार और नियमित समीक्षा के दिए निर्देश
गोरखपुर/सिद्धार्थनगर। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोहरवाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्वगणना का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने और आमजन को इसकी प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनगणना कार्यों की प्रगति, स्वगणना की प्रक्रिया और समयबद्ध ढंग से शत-प्रतिशत कार्य पूरा कराने पर चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, सरकारी नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने और स्वगणना के प्रति व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा। लोगों को प्रक्रिया की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक स्वयं और अपने परिवार की जानकारी निर्धारित पोर्टल पर दर्ज कर सकें। साथ ही लोगों की शंकाओं का समाधान भी किया जाए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने और स्वगणना के दौरान आने वाली समस्याओं का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें और शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराते हुए जनगणना का कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराएं।















