तीन दिन में शुरू कराएं डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
गोरखपुर। उपनिदेशक (पंचायत) गोरखपुर मंडल हिमांशु शेखर ठाकुर ने जनपद के जंगल कौड़िया, गोला, खजनी और ब्रह्मपुर विकासखंडों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सचिवों और खंड प्रेरकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उपनिदेशक ने कहा कि सभी सचिव अगले तीन दिनों के भीतर अपने-अपने क्लस्टर की अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू कराएं। तीन दिन बाद दोबारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान अपेक्षित सुधार नहीं मिलने पर संबंधित सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देश दिया कि वे अपने विकासखंड के सभी सचिवों के साथ बैठक कर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की कार्ययोजना और प्रगति की समीक्षा करें। बैठक की रिपोर्ट उपनिदेशक (पंचायत) कार्यालय को उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित करें।
हिमांशु शेखर ठाकुर ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता से जुड़े इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समयसीमा में कार्य शुरू कराकर प्रगति सुनिश्चित करें।















