विकास भवन में गंदगी और कबाड़ देख सीडीओ नाराज, कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दो दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस, सफाई के लिए टीम लगाकर अभियान चलाने के निर्देश

विकास भवन में गंदगी और कबाड़ देख सीडीओ नाराज, कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी

दो दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट

अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस, सफाई के लिए टीम लगाकर अभियान चलाने के निर्देश

गोरखपुर। विकास भवन के कार्यालयों में गंदगी, कबाड़ और अव्यवस्थित फाइलें देखकर मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने नाराजगी जताई। गुरुवार को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। वहीं, कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रखंड-गोरखपुर सहित अन्य कार्यालयों में कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीडीओ ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने और जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।

दो दिन में देना होगा जवाब

सीडीओ ने निर्देश दिया कि अनुपस्थित कर्मचारियों से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्राप्त कर उसकी समीक्षा की जाए। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिलता है तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। उन्होंने कार्यालयाध्यक्षों को कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति और अनुशासन सुनिश्चित करने को कहा।

सफाई के लिए टीम लगाकर चलेगा अभियान

विकास भवन परिसर में गंदगी मिलने पर सीडीओ ने जिला विकास अधिकारी और नाजिर को सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने टीम लगाकर पूरे भवन में सफाई अभियान चलाने और कमरों, गलियारों तथा परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, अनावश्यक सामान और कबाड़ को नियमानुसार हटाने तथा फाइलों और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन और अभिलेखों का उचित रखरखाव संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर किया जाए, ताकि विकास भवन में बेहतर कार्य वातावरण बने और सरकारी कामकाज सुचारु ढंग से संचालित हो सके।

Previous articleअंतरराष्ट्रीय क्रूज पर सजेगा ग्लोबल ब्यूटी पेजेंट, गोरखपुर की कंचन सोनी बनेंगी जज ‘मिस एंड मिसेज इंटरनेशनल 2026’ में जूरी मेंबर के रूप में हुआ चयन, 16 से 19 नवंबर तक सिंगापुर से पेनांग के बीच होगा आयोजन महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण होगा प्रतियोगिता का प्रमुख संदेश
Next articleवन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को लेकर तेज करें विकास कार्य सीडीओ अंजुलता ने जिला ओटीटीडी सेल की त्रैमासिक समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here