अंतरराष्ट्रीय क्रूज पर सजेगा ग्लोबल ब्यूटी पेजेंट, गोरखपुर की कंचन सोनी बनेंगी जज ‘मिस एंड मिसेज इंटरनेशनल 2026’ में जूरी मेंबर के रूप में हुआ चयन, 16 से 19 नवंबर तक सिंगापुर से पेनांग के बीच होगा आयोजन महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण होगा प्रतियोगिता का प्रमुख संदेश

अंतरराष्ट्रीय क्रूज पर सजेगा ग्लोबल ब्यूटी पेजेंट, गोरखपुर की कंचन सोनी बनेंगी जज

‘मिस एंड मिसेज इंटरनेशनल 2026’ में जूरी मेंबर के रूप में हुआ चयन, 16 से 19 नवंबर तक सिंगापुर से पेनांग के बीच होगा आयोजन

महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण होगा प्रतियोगिता का प्रमुख संदेश

गोरखपुर। गोरखपुर की समाजसेविका और आई एम शक्ति वूमेन फाउंडेशन की अध्यक्ष कंचन सोनी अंतरराष्ट्रीय मंच पर निर्णायक की भूमिका निभाएंगी। उन्हें वैश्विक सौंदर्य प्रतियोगिता ‘मिस एंड मिसेज इंटरनेशनल 2026’ (सीजन-13) में जूरी मेंबर के रूप में नामित किया गया है। बुधवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कंचन सोनी ने इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की।

इंडी रॉयल क्वीन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता 16 से 19 नवंबर 2026 तक सिंगापुर से मलेशिया के पेनांग के बीच चलने वाले रॉयल कैरेबियन क्रूज पर होगी। आयोजकों के अनुसार, इसमें विभिन्न देशों की 25 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगी। कंचन सोनी को उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सौंदर्य प्रतियोगिताओं के क्षेत्र में योगदान को देखते हुए निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का अनुभव

कंचन सोनी गोरखपुर में ‘शक्ति मिसेज इंडिया 2024’ प्रतियोगिता का आयोजन कर चुकी हैं। वह ‘मिसेज दीवा क्वीन दुबई’ का खिताब भी हासिल कर चुकी हैं। इसके अलावा उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई सौंदर्य प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभाने का अनुभव है। वह बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. संजीत सोनी की पत्नी हैं।

सौंदर्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्रतियोगिता की थीम ‘ग्लोबल ब्यूटी ऑन ए मिशन’ रखी गई है। इसके तहत महिला सशक्तीकरण के साथ धरती और समुद्रों के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। चार दिवसीय आयोजन में अंतरराष्ट्रीय रैंप वॉक, डिजाइनर फैशन शो, टैलेंट राउंड और क्राउनिंग समारोह आयोजित होंगे।

कंचन सोनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर गोरखपुर और भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का क्षण है। यह आयोजन केवल सौंदर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता, प्रतिभा और सामाजिक सरोकारों को पहचान देने का भी अवसर है। जूरी मेंबर के रूप में वह प्रतिभागियों की प्रतिभा और समाज के प्रति उनके दृष्टिकोण का आकलन करेंगी।

कई देशों की प्रतिभागी होंगी शामिल

कंचन सोनी ने बताया कि इंडी रॉयल की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. रोली त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में दुबई, न्यूजीलैंड, मलेशिया, सिंगापुर और भारत सहित विभिन्न देशों की प्रतिभागी शामिल होंगी। आयोजन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं की प्रतिभा और उपलब्धियों को सामने लाने के साथ महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया जाएगा।

कंचन सोनी को निर्णायक की जिम्मेदारी मिलने पर गोरखपुर के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों और कला जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी।

Previous articleडीआईजी और डीएफओ ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Next articleविकास भवन में गंदगी और कबाड़ देख सीडीओ नाराज, कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दो दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस, सफाई के लिए टीम लगाकर अभियान चलाने के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here