बीआरडी मेडिकल कॉलेज के 1976 बैच ने मनाई गोल्डन जुबली, नेहरू अस्पताल को दीं छह व्हीलचेयर
पूर्व विद्यार्थियों ने पुराने दिनों को किया याद, शिक्षकों का सम्मान कर संस्थान के प्रति जताया जुड़ाव
संस्थापक प्रधानाचार्य प्रो. पीएल शुक्ला को किया याद, उनके चित्र को प्रदर्शित करने का किया अनुरोध
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में प्रवेश के 50 वर्ष पूरे होने पर गोल्डन जुबली राघवंश सोसाइटी की ओर से 23 और 24 अक्टूबर को भव्य समारोह आयोजित किया गया। एक निजी रिसॉर्ट में हुए आयोजन के दौरान वर्ष 1976 बैच के पूर्व विद्यार्थियों ने अपने पुराने संस्थान का दौरा किया और छात्र जीवन से जुड़ी यादें साझा कीं। इस अवसर पर पूर्व शिक्षकों को सम्मानित किया गया और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े संस्थान के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
समारोह के आयोजन में सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. गिरिराज शरण, उपाध्यक्ष डॉ. सुरहीता करीम, डॉ. आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. एमपी मल, डॉ. मंजू केडिया और कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूर्व विद्यार्थियों ने संस्थान के प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त करते हुए मरीजों की सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
संस्थापक प्रधानाचार्य प्रो. पीएल शुक्ला को किया याद
इस अवसर पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के संस्थापक प्रधानाचार्य स्वर्गीय प्रो. पीएल शुक्ला को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। सोसाइटी की ओर से उनके चित्र को प्राचार्य कार्यालय अथवा ऑडिटोरियम में प्रदर्शित करने का अनुरोध किया गया। वर्तमान प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए 1976 बैच के पूर्व विद्यार्थियों को इस संबंध में आश्वस्त किया।
मरीजों की सुविधा के लिए छह व्हीलचेयर भेंट
गोल्डन जुबली समारोह के दौरान 1976 बैच के पूर्व विद्यार्थियों ने नेहरू अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए छह व्हीलचेयर भेंट कीं। उन्होंने भविष्य में भी संस्थान को आवश्यक सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।
गोल्डन जुबली राघवंश सोसाइटी की यह पहल पूर्व विद्यार्थियों के अपने संस्थान के प्रति जुड़ाव, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना को दर्शाती है।















