शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना की तैयारियां पूरी, 14 टेबलों पर गिने जाएंगे 43,433 मत मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने देर रात मतगणना स्थल का किया निरीक्षण प्रत्येक टेबल पर प्रत्याशी का एक प्रतिनिधि रहेगा मौजूद, मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध

शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना की तैयारियां पूरी, 14 टेबलों पर गिने जाएंगे 43,433 मत

मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने देर रात मतगणना स्थल का किया निरीक्षण

प्रत्येक टेबल पर प्रत्याशी का एक प्रतिनिधि रहेगा मौजूद, मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध

गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की मतगणना के लिए सोमवार देर रात तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय भवन स्थित मतगणना स्थल का मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर इंद्र विक्रम सिंह, डीआईजी एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतगणना कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्गों और पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके लिए 14 टेबल लगाई गई हैं, जिन पर कुल 43,433 मतों की गिनती की जाएगी। प्रत्येक टेबल पर पांच मतगणना कर्मी तैनात रहेंगे। इस तरह कुल 70 कर्मचारी मतगणना कार्य में लगाए जाएंगे। सबसे पहले मतपत्रों की छंटनी होगी। इसके बाद पहली वरीयता के मतों की गणना की जाएगी। इससे जीत का फैसला नहीं होने पर निर्वाचन नियमों के अनुसार दूसरी वरीयता के मतों की गिनती होगी।

मतगणना स्थल से 200 मीटर दूर होगी पार्किंग

मतगणना के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थल से 200 मीटर दूर वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा कराया जाएगा। आसपास अनावश्यक भीड़ रोकने और आवागमन सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। परिसर में प्रवेश भी नियंत्रित किया जाएगा।

हर टेबल पर प्रत्याशी का एक प्रतिनिधि

मतगणना के दौरान प्रत्येक टेबल पर हर प्रत्याशी का एक प्रतिनिधि मौजूद रह सकेगा। मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। पत्रकारों के लिए मीडिया सेंटर बनाया गया है, जहां से वे मतगणना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और समाचार संकलन कर सकेंगे। अधिकारियों ने मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं अपर आयुक्त प्रशासन अजय राय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त जय प्रकाश, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तोगी और मुकुल खंडेलवाल, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous articleपीईटी के पहले दिन 11,900 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा गोरखपुर के 52 केंद्रों पर दोनों पालियों में 34,516 ने दी परीक्षा, कुल उपस्थिति 74.36 प्रतिशत रही
Next articleमतदेय स्थलों के पुनर्गठन पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक डीएम की अध्यक्षता में आपत्तियों और सुझावों के निस्तारण की समीक्षा, भौतिक सत्यापन व मतदाताओं की संख्या पर हुई चर्चा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here