युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर
कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने की समीक्षा, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और लक्ष्य समय से पूरा करने के निर्देश
गोरखपुर। कौशल विकास योजनाओं के तहत युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने और उन्हें रोजगार से जोड़ने की प्रगति की शुक्रवार को समीक्षा की गई। विकास भवन सभागार में कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने अधिकारियों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने और निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
निदेशक ने कहा कि कौशल विकास योजनाओं का लाभ पात्र युवाओं तक पहुंचाने में लापरवाही न हो। प्रशिक्षण केंद्रों की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि युवाओं को केवल औपचारिक प्रशिक्षण न मिले, बल्कि संबंधित क्षेत्र का व्यावहारिक ज्ञान भी हासिल हो।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया। कहा कि योजनाओं की सफलता केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को मिलने वाले वास्तविक लाभ और रोजगार के अवसर भी महत्वपूर्ण हैं।
पुलकित खरे ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने, कार्यों में आने वाली बाधाओं का समय से समाधान करने और विभागीय समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















