जनगणना-2027 की तैयारियों में लापरवाही की गुंजाइश नहीं
डीएम ने प्रशिक्षण और कार्यक्षेत्र आवंटन समय से पूरा कराने के दिए निर्देश, मॉप-अप योजना भी तैयार होगी
गोरखपुर। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिला स्तर से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी कराने के निर्देश दिए। कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने जिला व चार्ज अधिकारियों, फील्ड ट्रेनरों, गणनाकारों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महज औपचारिकता न हो, बल्कि जनगणना की पूरी प्रक्रिया व्यवहारिक रूप से समझाई जाए। प्रपत्रों, डिजिटल माध्यम से सूचनाएं दर्ज करने, क्षेत्रवार जिम्मेदारियों और दिशा-निर्देशों की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
उन्होंने प्रत्येक क्षेत्र का कार्यक्षेत्र और संबंधित कार्मिकों की जिम्मेदारी पहले से तय करने के निर्देश दिए, ताकि गणना के दौरान भ्रम की स्थिति न बने और कोई क्षेत्र छूटने न पाए। पर्यवेक्षकों को गणनाकारों के कार्य की नियमित निगरानी करने को कहा।
बैठक में जनगणना के दौरान छूटने वाले क्षेत्रों या परिवारों को कवर करने के लिए मॉप-अप योजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई। डीएम ने तकनीकी या प्रशासनिक समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान कराने और सभी चरणों की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम वित्त/उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश, अपर आयुक्त नगर निगम प्रमोद कुमार, तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















