सीएम की शोभायात्रा के रूट पर डीएम-एसएसपी का पैदल मार्च गोरखनाथ मंदिर से रामलीला मैदान तक सुरक्षा व्यवस्था परखी, चप्पे-चप्पे पर निगरानी के निर्देश

सीएम की शोभायात्रा के रूट पर डीएम-एसएसपी का पैदल मार्च

गोरखनाथ मंदिर से रामलीला मैदान तक सुरक्षा व्यवस्था परखी, चप्पे-चप्पे पर निगरानी के निर्देश

गोरखपुर। विजयादशमी पर गोरखनाथ मंदिर से निकलने वाली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शोभायात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने अधिकारियों व पुलिसकर्मियों के साथ गोरखनाथ मंदिर से रामलीला मैदान तक पैदल रूट मार्च किया। इस दौरान मार्ग की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

डीएम-एसएसपी ने शोभायात्रा मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख स्थानों, भीड़ जुटने वाले क्षेत्रों और संवेदनशील बिंदुओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह भी देखा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो और भीड़ बढ़ने की स्थिति में उसे नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम रहें।

एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने पुलिसकर्मियों को अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर पूरी तरह मुस्तैद रहने और किसी भी सूचना को नजरअंदाज न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन श्रद्धालुओं के साथ पुलिस का व्यवहार सहयोगात्मक भी होना चाहिए।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने वैकल्पिक मार्गों और वाहनों के सुचारु संचालन की तैयारियां परखी। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, पैदल गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। स्थानीय पुलिस के साथ यातायात पुलिस, मंदिर सुरक्षा और खुफिया तंत्र को बेहतर समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।

रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का लक्ष्य शोभायात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।

इस दौरान एसपी सिटी निमिष पाटिल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एएसपी/सीओ कैंट अरुण कुमार एस., एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसपी अपराध अयोध्या प्रसाद सिंह, एसपी मंदिर सुरक्षा संतोष कुमार, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, ओएसडी गीडा संजीव दीक्षित, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, सीओ एलआईयू देवी दयाल समेत अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Previous articleसीएम की विजयादशमी शोभायात्रा की सुरक्षा में चूक की गुंजाइश नहीं गोरखनाथ थाने में डीएम-एसएसपी ने बैठक कर परखी तैयारियां, चप्पे-चप्पे पर रहेगी निगरानी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here