सीएम की विजयादशमी शोभायात्रा की सुरक्षा में चूक की गुंजाइश नहीं
गोरखनाथ थाने में डीएम-एसएसपी ने बैठक कर परखी तैयारियां, चप्पे-चप्पे पर रहेगी निगरानी
गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर से विजयादशमी पर निकलने वाली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पारंपरिक शोभायात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। बुधवार को गोरखनाथ थाने में जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर शोभायात्रा के मार्ग, मंदिर परिसर, भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का पहले से निरीक्षण करने, संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा।
एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी ड्यूटी प्वाइंट और तैनाती की तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने को देखते हुए सुरक्षा के साथ भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहे और किसी भी सूचना को नजरअंदाज न किया जाए।
बैठक में शोभायात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात संचालन, भीड़ बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था और विभिन्न सुरक्षा इकाइयों के बीच समन्वय पर चर्चा हुई। स्थानीय पुलिस के साथ यातायात पुलिस, मंदिर सुरक्षा, एलआईयू और एटीएस के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक स्तर पर नगर निगम को साफ-सफाई, मार्ग व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक इंतजाम समय से पूरा कराने को कहा गया। अधिकारियों को शोभायात्रा से पहले तैयारियों की दोबारा समीक्षा कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसपी सिटी निमिष पाटिल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एएसपी/सीओ कैंट अरुण कुमार एस., एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसपी अपराध अयोध्या प्रसाद सिंह, एसपी मंदिर सुरक्षा संतोष कुमार, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, ओएसडी गीडा संजीव दीक्षित, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, सीओ एलआईयू देवी दयाल, एटीएस के अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का लक्ष्य शोभायात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालुओं को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो।















