असलहा तस्करी नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई, दो युवक और बाल अपचारी गिरफ्तार खोराबार पुलिस ने पिस्टल, तमंचा और कारतूस के साथ स्विफ्ट डिजायर बरामद की

असलहा तस्करी नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई, दो युवक और बाल अपचारी गिरफ्तार

खोराबार पुलिस ने पिस्टल, तमंचा और कारतूस के साथ स्विफ्ट डिजायर बरामद की

गोरखपुर। अवैध असलहों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खोराबार पुलिस ने दो युवकों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इनके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, 315 बोर का तमंचा, 7.65 बोर का कारतूस और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई है।

पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी/सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफजल खान निवासी डिबिया और मो. शमी निवासी दिव्यनगर रानीडीहा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों के साथ एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया।

पुलिस का दावा है कि पकड़े गए आरोपी जिस नेटवर्क से हथियार हासिल कर रहे थे, उसी स्रोत से पूर्व में गोरखपुर और आसपास के जिलों में अपराधियों तक असलहे पहुंचाए गए। चिलुआताल क्षेत्र में हुई हत्या में इस्तेमाल हथियार भी इसी नेटवर्क से पहुंचने की बात पुलिस ने बताई है। हालांकि, इस संबंध में नेटवर्क की अन्य कड़ियों की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, एसटीएफ और एंटी थेफ्ट टीम की पूर्व कार्रवाई समेत अब तक नेटवर्क से जुड़े 18 आरोपियों की गिरफ्तारी और 14 अवैध हथियारों की बरामदगी की जा चुकी है। पुलिस अब हथियारों के मुख्य सप्लायर और सप्लाई चैन की पड़ताल में जुटी है।

खोराबार थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Previous articleपंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी को नम आंखों से श्रद्धांजलि आठवीं पुण्यतिथि पर भिटहा में उमड़ा जनसमूह, जरूरतमंदों में बांटे अंगवस्त्र व नकद धनराशि

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here