गारमेंट उद्योग के विकास को लेकर गीडा सीईओ ने उद्यमियों संग की बैठक
सीएफसी निर्माण और बड़े बाइंग हाउस की जरूरत पर जोर, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
गोरखपुर/पिपरौली। गीडा के गारमेंट सेक्टर में सोमवार को विकास योजनाओं, आगामी कार्ययोजनाओं और उद्यमियों की समस्याओं को लेकर बैठक हुई। गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार ने चैंबर ऑफ रेडिमेड गारमेंट के पदाधिकारियों और उद्यमियों से संवाद कर औद्योगिक विकास को लेकर सुझाव लिए।
चैंबर के अध्यक्ष रमाशंकर शुक्ला और महासचिव एवं निदेशक सोना इंडस्ट्रीज आकाश यादव ने नवागत सीईओ का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उद्यमियों ने गीडा में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) के निर्माण और बड़े बाइंग हाउस की आवश्यकता पर जोर दिया।
सीईओ विशाल कुमार ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया। उन्होंने गारमेंट उद्योग के विकास से जुड़े सुझावों पर भी चर्चा की।
बैठक में प्रभादेवी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन विनय चतुर्वेदी, कोऑर्डिनेटर विजय राय, उद्यमी गंगाशरण राय, उमेश कुमार समेत अन्य उद्यमी मौजूद रहे।















