एसपी उत्तरी ने गीडा थाने का किया औचक निरीक्षण
जनसुनवाई, महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र की व्यवस्थाएं परखीं, अभिलेख दुरुस्त रखने के निर्देश
गोरखपुर। पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश गुनावत ने बुधवार को गीडा थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था और थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जनसुनवाई, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी उत्तरी ने थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों और पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित रिकॉर्ड की जानकारी ली। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यावधिक रखते हुए निर्धारित तरीके से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। थाना परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण
एसपी उत्तरी ने जनसुनवाई डेस्क का निरीक्षण करते हुए थाने आने वाले फरियादियों के बैठने और पेयजल की व्यवस्था भी देखी। उन्होंने कहा कि शिकायत लेकर आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और फरियादियों को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों को भी व्यवस्थित रखने को कहा।
अपराध नियंत्रण के साथ बढ़ाएं गश्त
एसपी उत्तरी ने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की जानकारी लेते हुए अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखना भी प्राथमिकता है। औचक निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार और रखरखाव के निर्देश भी संबंधित पुलिसकर्मियों को दिए गए।















