दिवंगत पहलवान ब्रह्मानंद के परिवार को एक लाख की आर्थिक मदद
गोसाईपुर पहुंचे डॉ. उदय प्रताप व राकेश चतुर्वेदी, परिजनों को बंधाया ढांढस; हर संभव सहयोग का दिया भरोसा
संतकबीरनगर। जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की हत्या के बाद शोक में डूबे परिवार को सहारा देने के लिए सूर्या ग्रुप के एमडी डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी मंगलवार को गोसाईपुर स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचे। परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करने के साथ चतुर्वेदी परिवार की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
कोतवाली क्षेत्र के गोसाईपुर निवासी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की कुछ दिन पहले हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से परिवार सदमे में है। डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और उनके छोटे भाई राकेश चतुर्वेदी ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना के संबंध में जानकारी ली।
‘यह तात्कालिक मदद, आगे भी परिवार के साथ रहेंगे’
डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि एक लाख रुपये की धनराशि परिवार को तात्कालिक सहायता के रूप में दी गई है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि आगे भी आवश्यकता के अनुसार सामाजिक, कानूनी और आर्थिक सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मानंद यादव ने पहलवानी के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन किया था। उनके निधन से परिवार के साथ खेल जगत को भी क्षति हुई है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की अपेक्षा जताई।
ग्रामीणों ने भी दी श्रद्धांजलि
इस दौरान बलिराम यादव समेत क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने दिवंगत पहलवान ब्रह्मानंद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की मांग की।















