तूफानी बारिश में बिजली गुल, 40 गांवों में पसरा अंधेरा आंधी-पानी के बीच गिरे पेड़ और पोल, नौसड़ जेई की टीम युद्धस्तर पर जुटी, जल्द आपूर्ति बहाल करने का दावा

तूफानी बारिश में बिजली गुल, 40 गांवों में पसरा अंधेरा

आंधी-पानी के बीच गिरे पेड़ और पोल, नौसड़ जेई की टीम युद्धस्तर पर जुटी, जल्द आपूर्ति बहाल करने का दावा

गोरखपुर। चक्रवाती मौसम के बीच हुई तेज बारिश और हवा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नौसड़ विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 40 गांवों में मध्यरात्रि से बिजली आपूर्ति बाधित है। तेज हवा और बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ व बिजली के पोल गिरने से तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नौसड़ उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले नेवास, बरवार, बरहुवा, साथीपार, नंदपार, जैतपुर, बड़गहन और तेनुआ समेत करीब 40 गांवों में रात से ही बिजली गुल है। लगातार बारिश और तेज हवा के बीच बिजली आपूर्ति ठप होने से घरों में पानी की मोटर चलाने समेत कई जरूरी काम प्रभावित हुए हैं। शनिवार को छुट्टी होने के कारण बच्चे भी घरों में हैं और बिजली नहीं होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

आंधी-पानी के बीच तार और पोल दुरुस्त करने में जुटी टीम

एक ओर ग्रामीण बिजली का इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग की टीम लगातार खराबी दूर करने में जुटी है। नौसड़ के जेई विपिन सिंह के नेतृत्व में कर्मचारी तेज बारिश और हवा के बीच गिरे पेड़ों, पोल और तारों को दुरुस्त करने में युद्धस्तर पर जुटे हैं। कई स्थानों पर रास्ते में गिरे पेड़ों और पोल को हटाकर विद्युत लाइन को ठीक करने का काम किया जा रहा है।

टीम में मुन्ना यादव, अरविंद सहानी, श्रवण कुमार, जितेंद्र निषाद, दीपक कुमार, नितेश कुमार, प्रमोद चौहान, श्याम यादव, छोटक समेत अन्य कर्मचारी शामिल हैं।

जल्द बहाल होगी बिजली आपूर्ति

जेई विपिन सिंह ने बताया कि तेज हवा और बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ व पोल गिरने से विद्युत लाइन प्रभावित हुई है। टीम लगातार मौके पर काम कर रही है। खराबी को दूर करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द से जल्द प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास है।

Previous articleपीड़ितों की शिकायत पर तत्काल करें कार्रवाई : एएसपी कोतवाली के औचक निरीक्षण में साइबर व मिशन शक्ति केंद्र की परखी व्यवस्था, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here