1540 शिक्षक मतदाताओं के लिए बनाए गए सात मतदेय स्थल गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, तीन जोन और सात सेक्टर में बांटा गया जिला

1540 शिक्षक मतदाताओं के लिए बनाए गए सात मतदेय स्थल

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, तीन जोन और सात सेक्टर में बांटा गया जिला

संतकबीरनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुज मलिक ने शनिवार को कैंप कार्यालय में तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों को पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से निभाने के निर्देश दिए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश ने चुनाव की तैयारियों और अधिकारियों को आवंटित दायित्वों की जानकारी दी। बताया कि जिले में 1540 शिक्षक मतदाता हैं, जिनके मतदान के लिए सात मतदेय स्थल बनाए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को तीन जोन और सात सेक्टर में बांटा गया है।

चुनावी ड्यूटी में लापरवाही पर डीएम ने किया आगाह

डीएम ने प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी रखी जाएं। जिस अधिकारी को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसका पूरी तन्मयता और संवेदनशीलता से निर्वहन करे। निर्वाचन कार्य में किसी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते जांचने और संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।

बैठक में जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, सीओ खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, एसओसी विनय कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार और डीपीआरओ अरुण कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Previous articleतूफानी बारिश में बिजली गुल, 40 गांवों में पसरा अंधेरा आंधी-पानी के बीच गिरे पेड़ और पोल, नौसड़ जेई की टीम युद्धस्तर पर जुटी, जल्द आपूर्ति बहाल करने का दावा
Next articleआफत की बारिश से खलीलाबाद बेहाल, सड़कें बनीं तालाब आजाद चौक से गोला बाजार और बैंक चौराहे तक जलभराव, आवागमन प्रभावित; पानी निकालने में जुटी पालिका की टीम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here