युवक पर कार चढ़ाने और मारपीट के आरोप में तीन गिरफ्तार
चौमुखा चौराहे के पास हुई घटना, कैम्पियरगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर की कार्रवाई
गोरखपुर। कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के चौमुखा चौराहे के पास युवक को कार से कुचलने के प्रयास और मारपीट के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना के समय आरोपी नशे की हालत में थे। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
चाय पीने जा रहे युवक पर चढ़ाई कार
पुलिस के मुताबिक 25 सितंबर की रात करीब 12:10 बजे वादी अपने मित्र के साथ चौमुखा चौराहे के पास खड़े ट्रक से चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर कार उसके ऊपर चढ़ा दी। इसके बाद कार से उतरकर वादी और उसके साथ मौजूद लोगों से मारपीट करने का भी आरोप है।
तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कैम्पियरगंज थाने में तहरीर दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
तीनों आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने उत्तरी रेलवे गेट आजाद नगर निवासी रवि राजभर, चौमुखा टीचर्स कॉलोनी निवासी कृष्णा वरनवाल और आजाद नगर निवासी सलमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और विवेचना के दौरान घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की जांच की जा रही है।















