भारी बारिश के चलते आज 12वीं तक के सभी स्कूल बंद
डीएम के आदेश पर डीआईओएस ने जारी किया कार्यालयादेश, सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा निर्णय
गोरखपुर। लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिले में 26 सितंबर को कक्षा एक से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी के आदेश पर जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने शुक्रवार को कार्यालयादेश जारी कर सभी विद्यालयों को इसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
सभी बोर्ड के विद्यालय रहेंगे बंद
आदेश राजकीय, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, संस्कृत, स्ववित्तपोषित, सीबीएसई, आईसीएसई समेत अन्य सभी बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से संचालित विद्यालयों को भी इसके दायरे में रखा गया है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए फैसला
लगातार बारिश के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए 26 सितंबर को विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। सभी प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को आदेश का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
आदेश की अनदेखी पर तय होगी जिम्मेदारी
डीआईओएस ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित संस्था के प्रबंधक, प्रधानाचार्य अथवा प्रधानाध्यापक स्वयं जिम्मेदार होंगे। विद्यालय स्तर पर आदेश के अनुपालन की निगरानी भी की जाएगी।















