विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : मंडलायुक्त
वैभव श्रीवास्तव ने की विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, पात्रों तक समय से लाभ पहुंचाने के निर्देश
बस्ती। आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंडल में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति से मंडलायुक्त को अवगत कराया।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का गंभीरता और पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। लंबित परियोजनाओं के कारणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में पीएम सूर्यघर, खराब ट्रांसफार्मर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, एंबुलेंस और सिटी स्कैन सेवा, दुग्ध मूल्य भुगतान, दिव्यांग पेंशन, जल निगम, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन, पर्यटन विकास, ऑपरेशन कायाकल्प, अंडा उत्पादन, मुख्यमंत्री शादी अनुदान, प्रोजेक्ट अलंकार, नई सड़कों का निर्माण, मुख्यमंत्री विवाह योजना और ओडीओपी समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों से योजनाओं की नियमित निगरानी और फील्ड स्तर पर स्थलीय सत्यापन कराने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान कराया जाए। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्सना, जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जीएन, सीडीओ सार्थक अग्रवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















