जिला अस्पताल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
वार्डों में मरीजों और तीमारदारों से लिया फीडबैक, अनुपस्थित चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गुरुवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, व्यवस्थाओं और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।
डीएम ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, जरूरी जांच सुविधाओं और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। उन्होंने रक्त की उपलब्धता, सुरक्षित रखरखाव और जरूरतमंद मरीजों को समय से रक्त उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी ली। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, बेड व्यवस्था, चिकित्सकीय सेवाओं, दवाओं और जांच सुविधाओं की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए। प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।















