शिव भक्ति और सकारात्मक वातावरण ही समाज की ताकत : योगी आदित्यनाथ जी
ऊंचाहार में श्री शिव महापुराण कथा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से सुनी कथा
रायबरेली। ऊंचाहार के बाबूगंज स्थित चड़रई टोल प्लाजा के निकट आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने व्यासपीठ पर विराजमान कथा वाचक परम पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का साल पहनाकर और प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यासपीठ पर विराजमान पं. प्रदीप मिश्रा का हृदय से वंदन एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि शिव भक्ति की धारा को जन-जन तक पहुंचाने वाले पं. प्रदीप मिश्रा की कथा का श्रवण करने के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की वेशभूषा और रहन-सहन भले ही अलग हो सकता है, लेकिन भक्ति और शक्ति का भाव सभी के मन में समान होता है।
उन्होंने कहा कि उन्हें विभिन्न अवसरों पर इस पावन कथा को सुनने, जानने और नजदीक से समझने का अवसर मिला है। धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है और सकारात्मक वातावरण ही समाज की वास्तविक ताकत है।
मुख्यमंत्री ने श्री शिव महापुराण कथा के भव्य आयोजन के लिए मंत्री मनोज कुमार पांडेय की सराहना करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
दो संत व्यक्तित्वों का मिलन अविस्मरणीय : मनोज पांडेय
मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि दो संत व्यक्तित्वों का यह मिलन सनातन के गौरव का अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा कि श्री शिव महापुराण कथा के पावन मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और व्यासपीठ पर विराजमान पं. प्रदीप मिश्रा का आत्मीय मिलन देखकर मन श्रद्धा और आनंद से अभिभूत हो उठा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी आशीर्वचन और पं. प्रदीप मिश्रा के सानिध्य ने इस अवसर को और अधिक दिव्य एवं स्मरणीय बना दिया। एक ओर तप, सेवा और सनातन के प्रति समर्पण और दूसरी ओर शिवभक्ति एवं कथा की अविरल साधना का यह संगम उनके लिए अत्यंत भावपूर्ण और सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री एवं खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान, केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, सलोन विधायक अशोक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।















