दुकान से 16 लाख के सोने के जेवर चोरी, महिला गिरफ्तार बुर्का पहनकर पहुंची थी दुकान, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज; 110.2 ग्राम जेवर बरामद

दुकान से 16 लाख के सोने के जेवर चोरी, महिला गिरफ्तार

बुर्का पहनकर पहुंची थी दुकान, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज; 110.2 ग्राम जेवर बरामद

गोरखपुर। राजघाट थाना क्षेत्र में सोने के आभूषणों की दुकान से करीब 16 लाख रुपये के जेवर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 110.200 ग्राम पीली धातु के जेवर बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में चोरी के माल की बरामदगी से संबंधित धारा 317(2) बीएनएस बढ़ाई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला की पहचान अफसरी उर्फ खोड़ी पुत्री बच्चन, निवासी तुर्कमानपुर, राजघाट के रूप में हुई है। उसके खिलाफ राजघाट थाने में मुकदमा अपराध संख्या 161/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत केस दर्ज था।

स्टॉक मिलान में सामने आई चोरी

पुलिस के अनुसार फर्म में सोने के जेवरों का स्टॉक मिलाने पर 18 कैरेट के आभूषण कम मिले। फर्म की ओर से 11 सितंबर को राजघाट थाने में सूचना दी गई। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो छह सितंबर को एक महिला बुर्का पहनकर दुकान में आती दिखाई दी।

पुलिस के अनुसार फुटेज में महिला को मौका पाकर जेवर का पैकेट लेकर जाते देखा गया। जांच के आधार पर उसकी पहचान अफसरी उर्फ खोड़ी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी के जेवर बरामद कर लिए।

पहले भी दर्ज हैं दो मुकदमे

पुलिस के मुताबिक महिला के खिलाफ पहले भी चोरी से जुड़े दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 का एक मुकदमा लखनऊ पश्चिम कमिश्नरेट के चौक थाने और दूसरा गोरखपुर के बांसगांव थाने में दर्ज बताया गया है। राजघाट का वर्तमान मुकदमा मिलाकर पुलिस ने उसके खिलाफ तीन मुकदमों का उल्लेख किया है।

पुलिस ने बरामद जेवर कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Previous articleऑटो में छूटा 34 लाख के आभूषणों से भरा बैग, 12 घंटे में बरामद कैंट पुलिस ने सीसीटीवी से ऑटो की पहचान कर चालक तक पहुंचाया, सत्यापन के बाद सामान मालिक को सौंपा
Next articleफाइनल में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, चैंपियनों ने जीती ट्रॉफी आदित्या यादव-रिद्धिमा सिंह की जोड़ी बनी महिला युगल विजेता, सार्थक सोम ने एकल और युगल दोनों खिताब जीते

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here