गीडा की ऑनलाइन सेवाएं होंगी और आसान, विकास कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर
औद्योगिक विकास मंत्री नंदी ने की गीडा की समीक्षा, 17 सितंबर को औद्योगिक इकाइयों में मनाया जाएगा ‘सेवा ही संकल्प’ दिवस
गोरखपुर। औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ की अध्यक्षता में शुक्रवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में गीडा की प्रगति, उपलब्धियों, संचालित विकास कार्यों और आगामी परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने ऑनलाइन सेवाओं को और अधिक सुविधाजनक बनाने के साथ विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक से पहले मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ का गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने गीडा कार्यालय में नवनिर्मित रिसेप्शन कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस कक्ष के माध्यम से गीडा आने वाले उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उनकी समस्याओं और जरूरतों का तत्परता से समाधान कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इसके बाद गीडा सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न अनुभागों के अध्यक्षों ने अपने-अपने विभाग की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक ने प्राधिकरण की प्रगति, उपलब्धियों, वर्तमान में संचालित परियोजनाओं और आगामी योजनाओं का प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मंत्री के समक्ष ब्योरा रखा।
उद्यमियों को ऑनलाइन सेवाओं का मिले बेहतर लाभ
समीक्षा के दौरान मंत्री ने गीडा की ऑनलाइन सेवाओं को और अधिक सरल, सुविधाजनक एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था मजबूत होने से आवंटियों और उद्यमियों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे तथा उन्हें योजनाओं और सेवाओं का लाभ तेजी से मिल सकेगा।
उन्होंने गीडा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों से कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।
17 सितंबर को मनाया जाएगा ‘सेवा ही संकल्प’ दिवस
मंत्री ने निर्देश दिया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर गीडा के सभी सेक्टरों में स्थापित औद्योगिक इकाइयों द्वारा ‘सेवा ही संकल्प’ दिवस मनाया जाए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री के जीवन-संघर्ष और उनके प्रेरणादायी कार्यों से सकारात्मक ऊर्जा एवं प्रेरणा लेना है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से सेवा, सकारात्मक सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।















