जहां खेल और खिलाड़ी होते हैं, वहां नफरत की जगह नहीं : अजीत कुमार सिंह
राज्य स्तरीय अंडर-19 बैडमिंटन टूर्नामेंट शुरू, प्रदेशभर से पहुंचे करीब 250 खिलाड़ी
गोरखपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने, भाईचारा और आपसी सौहार्द बढ़ाने का सबसे सशक्त जरिया है। जहां खेल और खिलाड़ी होते हैं, वहां नफरत की कोई जगह नहीं होती। युवाओं को खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए।
वह गुरुवार को लेविन्स एकेडमी, धर्मपुर में आयोजित योनेक्स सनराइज द्वितीय राज्य स्तरीय अंडर-19 स्वर्गीय प्रकाश नारायण श्रीवास्तव बैडमिंटन टूर्नामेंट के शुभारंभ समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच को मजबूत करता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अजीत कुमार सिंह ने स्वर्गीय प्रकाश नारायण श्रीवास्तव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 250 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
पहले चरण के मुकाबलों में बागपत के रोहन नेहवाल, प्रयागराज के शुभम यादव, लखनऊ के प्रशांक भादुरिया, शाहजहांपुर के ओम अरोड़ा, गोरखपुर के अभिषेक कुशवाहा, संतकबीरनगर के आदेश कुमार समेत कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले चक्र में जगह बनाई। मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
अतिथियों का स्वागत एमजी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव और निदेशक ओपी सिंह ने किया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संचालन खेल शिक्षक विवेकानंद मिश्र ने किया। आभार डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने जताया। इस दौरान जिला बैडमिंटन संघ के सचिव राजित श्रीवास्तव, अंतरराष्ट्रीय रेफरी रवि दीक्षित, लेविन्स एकेडमी के निदेशक रेमी चंद्रा, प्रधानाचार्य डॉ. अनुपमा शर्मा समेत खेलप्रेमी, शिक्षक और आयोजक मौजूद रहे।















