गायघाट में एसएसपी ने लगाई चौपाल, ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं
जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ अपराध नियंत्रण और कम्युनिटी पुलिसिंग पर दिया जोर
गोरखपुर। थानों की कार्यप्रणाली को अधिक जनोन्मुख बनाने और पुलिस-जनता के बीच संवाद मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने गुरुवार को बड़हलगंज क्षेत्र के गायघाट में चौपाल लगाई। एसएसपी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि किसी भी फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसे अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। गांवों और बाजारों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ स्थानीय लोगों, ग्राम प्रधानों, व्यापारियों और युवाओं से लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
एसएसपी ने कहा कि कम्युनिटी पुलिसिंग अपराध नियंत्रण का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनता और पुलिस के बीच भरोसा मजबूत होने से अपराध की सूचनाएं समय से मिलती हैं और घटनाओं को रोकने में मदद मिलती है। उन्होंने महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्ग से जुड़ी शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं एसएसपी के समक्ष रखीं। उन्होंने अधिकारियों को इनका वास्तविक और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान सीओ गोला दरवेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक बड़हलगंज अतुल श्रीवास्तव समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे















