वसूली में ढिलाई पर अमीनों को फटकार, तहसीलदार ने दिए सख्त निर्देश
सदर तहसील में समीक्षा बैठक, हर हाल में शत-प्रतिशत वसूली का लक्ष्य
गोरखपुर। राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर सदर तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को सदर तहसील सभागार में तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में अमीनों के वसूली कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में तहसीलदार/नायब तहसीलदार नगर देवेंद्र यादव, तहसीलदार/नायब तहसीलदार जंगल कौड़िया जीवेंद्र कुमार त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान वसूली की प्रगति, लंबित प्रकरणों और अमीनों को सौंपे गए दायित्वों की बिंदुवार समीक्षा की गई। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर तहसीलदार ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि अब कागजी खानापूर्ति और बहानेबाजी से काम नहीं चलेगा। प्रत्येक अमीन को अपने क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, टालमटोल या जिम्मेदारी से बचने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता और ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में लंबित वसूली प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने पर भी जोर दिया गया। अमीनों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर बकायेदारों से संपर्क करें और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करें। वसूली की प्रगति की नियमित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
तहसीलदार सत्य प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अगली समीक्षा में प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि सरकारी राजस्व की वसूली में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तय है।















