ऑटो में सवारी बनकर बैठीं तीन महिलाओं ने उड़ाई चेन, पुलिस ने दबोचा दाउदपुर चौराहे पर शोर मचाने के बाद पुलिस और राहगीरों ने पकड़ा, चोरी की चेन बरामद

ऑटो में सवारी बनकर बैठीं तीन महिलाओं ने उड़ाई चेन, पुलिस ने दबोचा

दाउदपुर चौराहे पर शोर मचाने के बाद पुलिस और राहगीरों ने पकड़ा, चोरी की चेन बरामद

गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में सवारी बनकर बैठीं तीन महिलाओं ने कथित तौर पर एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी कर ली। दाउदपुर चौराहे पर चेन गायब होने का पता चलने पर पीड़िता के शोर मचाने से आसपास मौजूद पुलिसकर्मी और लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से पीड़िता की चोरी हुई एक पीली धातु की चेन बरामद हुई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार करते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना मंगलवार 18 अगस्त की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार पीड़िता इलाज कराने के बाद ऑटो रिक्शा से अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। ऑटो में पहले से तीन महिलाएं बैठी थीं। इनमें एक महिला की गोद में छोटा बच्चा था। तीनों ने तबीयत खराब होने की बात कहकर पीड़िता को अपने बीच बैठा लिया।

ऑटो आगे बढ़ने के बाद महिलाओं ने कथित तौर पर पीड़िता का ध्यान भटकाने का प्रयास किया। गोद में बच्चे को लिए महिला ने बच्चे को चिकोटी काटकर रुलाना शुरू कर दिया। बच्चे के रोने पर पीड़िता का ध्यान उसकी ओर चला गया। इसी दौरान दूसरी महिला ने कथित तौर पर पीड़िता का पैर अपने पैर से दबाया, जबकि दोनों ओर बैठी महिलाएं उसे धक्का देने लगीं।

कुछ देर बाद तीनों ने चालक से ऑटो रोकने को कहा। दाउदपुर चौराहे पर ऑटो रुकते ही पीड़िता ने अपने गले पर हाथ लगाया तो चेन गायब थी। उसने तत्काल शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने तीनों महिलाओं को पकड़ लिया।

तीनों आरोपी बड़हलगंज क्षेत्र की रहने वाली

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सोनी देवी पत्नी राहुल, गुड्डी देवी पत्नी गुल्लू और रेशमी पत्नी अरुन, सभी निवासी लखनापार, थाना बड़हलगंज, गोरखपुर के रूप में हुई है। पीड़िता के बेटे की तहरीर पर कैंट थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

गुड्डी पर आजमगढ़ में भी मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला गुड्डी देवी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2026 में आजमगढ़ के थाना फूलपुर और थाना कोतवाली में धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस ने बरामद चेन को कब्जे में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

Previous articleबच्चों के बीच पहुंचे मंडलायुक्त, साथ बैठकर खाया भोजन अटल आवासीय विद्यालय में औचक निरीक्षण के दौरान इंद्र विक्रम सिंह ने परखी मेस की गुणवत्ता, पढ़ाई-सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here