हरियाली तीज पर पुलिस लाइन में सजा उल्लास का रंग, वामा सारथी ने मनाया तीज महोत्सव
बस्ती। हरियाली तीज के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती का सभागार पारंपरिक रंग, उल्लास और हरियाली से सराबोर नजर आया। उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) के तत्वावधान में पुलिस परिवार के लिए तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वामा सारथी अध्यक्षा एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती की पत्नी प्रियंका सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर की पत्नी संजीवनी मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर की पत्नी अंकिता, नगर आयुक्त अयोध्या की पत्नी रौशनी, डॉ. करिश्मा पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी लाइन की पत्नी दीपा यादव, क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह तथा क्षेत्राधिकारी एलआईयू रुचि गुप्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी निरीक्षक महिला थाना डॉ. शालिनी सिंह ने किया।
महोत्सव में तीज क्वीन, एकल नृत्य, समूह नृत्य और रैम्प वॉक समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। तीज क्वीन प्रतियोगिता में महिला थाना की कांस्टेबल शिल्पा मिश्रा प्रथम, थाना मुंडेरवा की तिलोत्तमा यादव द्वितीय और कोतवाली की कंचन दुबे तृतीय रहीं। एकल नृत्य में आयुषी मिश्रा तथा समूह नृत्य में आयुषी यादव और रूबी विजेता रहीं। रैम्प वॉक में प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। महिला थाना की महिला कांस्टेबल ममता यादव और हेड कांस्टेबल प्रीती गुप्ता के नृत्य ने भी खूब तालियां बटोरीं।
सभागार परिसर में लगाए गए आकर्षक झूलों का महिलाओं ने जमकर आनंद लिया। पारंपरिक परिधानों में सजी पुलिस परिवार की महिलाओं ने तीज के उत्सव को और भी जीवंत बना दिया।
वामा सारथी अध्यक्षा प्रियंका सिंह ने कहा कि तीज महिलाओं के बीच प्रेम, सौहार्द और आत्मीयता का पर्व है। ऐसे आयोजनों से पुलिस परिवारों को साथ आने, एक-दूसरे से जुड़ने और तनावमुक्त वातावरण में समय बिताने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि वामा सारथी की ओर से पुलिस परिवारों के कल्याण के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े आयोजन निरंतर किए जा रहे हैं।
मुख्य अतिथियों ने कार्यक्रम की सुंदर सजावट और आयोजन की सराहना की। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बस्ती, वामा सारथी से जुड़े पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।















