कांवड़ यात्रा को लेकर एसएसपी ने कछला घाट और मार्ग का किया निरीक्षण ‘जीरो इंसीडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ के लक्ष्य के साथ सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालु सुविधाओं की परखी व्यवस्था

कांवड़ यात्रा को लेकर एसएसपी ने कछला घाट और मार्ग का किया निरीक्षण

‘जीरो इंसीडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ के लक्ष्य के साथ सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालु सुविधाओं की परखी व्यवस्था

बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाट की निगरानी, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल और स्वच्छता समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रूट डायवर्जन, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और घाट पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सजगता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाएं। श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आपात स्थिति से निपटने और किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

एसएसपी ने पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहने और सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर साईं अश्रित शखमुरी, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous articleसफाई योद्धाओं और युवा स्वयंसेवकों को मिला सम्मान, श्रम को सलाम 130 सफाईकर्मियों को प्रमाणपत्र-स्मार्टवॉच और 140 युवा स्वयंसेवकों को प्रमाणपत्र-एयरपॉड्स देकर बढ़ाया हौसला

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here