शिक्षा विभाग ने निकाली भव्य तिरंगा रैली, डीएम ने किया प्रतिभाग ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर, स्कूली बच्चों ने बढ़ाया रैली का उत्साह

शिक्षा विभाग ने निकाली भव्य तिरंगा रैली, डीएम ने किया प्रतिभाग

ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर, स्कूली बच्चों ने बढ़ाया रैली का उत्साह

मऊ। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत बुधवार को शिक्षा विभाग की ओर से जनपद में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने प्रतिभाग कर विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। विभिन्न विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

रैली के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ सहित विभिन्न राष्ट्रभक्ति नारों के साथ आगे बढ़ते रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं। उनमें राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

रैली के दौरान जिलाधिकारी ने गुब्बारे आसमान में छोड़कर राष्ट्रप्रेम और जन-जागरूकता का संदेश दिया। गुब्बारों के आसमान में उड़ते ही विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

रैली के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय समेत अन्य अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Previous articleहर घर तिरंगा अभियान के तहत बाघनगर-बखिरा में हुआ तिरंगा वितरण नगर पंचायत अध्यक्ष ने कर्मचारियों को दिलाया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here