सावन के दूसरे सोमवार पर डीएम ने शिवालयों की व्यवस्थाएं परखीं
मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा, कतार और साफ-सफाई को लेकर दिए निर्देश
मऊ। सावन के दूसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के साथ जिले के प्रमुख शिव मंदिरों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसरों में जलाभिषेक, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने नौसेमर स्थित 12 दुवरिया मंदिर, कोपागंज शिव मंदिर और मोहम्मदाबाद गोहना स्थित देवलास मंदिर समेत अन्य प्रमुख शिवालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन, कतार व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई की स्थिति देखी।
जिलाधिकारी ने मंदिर व्यवस्थापकों, पुलिस अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सावन के सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचते हैं। ऐसे में सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सजगता के साथ ड्यूटी करें। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित रखी जाएं।
डीएम ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।















