धारदार हथियार से पुलिसकर्मी पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
गीडा में चेकिंग के दौरान वारदात, अवैध चापड़ बरामद; आरक्षी घायल
पिपरौली। गीडा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक युवक ने पुलिस टीम पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें एक आरक्षी घायल हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध चापड़ बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बाघागाड़ा से कुशीनगर जाने वाले मार्ग पर एक युवक के हाथ में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पुलिस टीम पर हमला कर दिया और आरक्षी दिवाकर त्रिवेदी पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में आरक्षी के बाएं हाथ की कलाई में चोट आई, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए भेजा गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सुनील वर्मा पुत्र रामसूरत वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध धारदार चापड़ भी बरामद किया।
इस संबंध में थाना गीडा में मुकदमा संख्या 372/2026 के तहत जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा तथा आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले एवं पुलिस पर हमला करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।















