स्वतंत्रता दिवस व ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा भव्य, गरिमामय और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत आयोजन के निर्देश, फ्लैग कोड के पालन पर विशेष जोर

स्वतंत्रता दिवस व ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा

भव्य, गरिमामय और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत आयोजन के निर्देश, फ्लैग कोड के पालन पर विशेष जोर

गोरखपुर। आगामी स्वतंत्रता दिवस एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित पर्यटन भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन सफल बनाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर तथा विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूरी करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग एवं प्रदर्शन में फ्लैग कोड का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही समारोह स्थलों पर स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और गरिमा के अनुरूप आयोजित किया जाए। सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों एवं अन्य सरकारी भवनों पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए उन्होंने रैली, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के आयोजन पर बल दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, पुलिस अधीक्षक यातायात, सिटी मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleवाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार दो चोरी की बाइक और पांच मोबाइल बरामद, कैम्पियरगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Next articleश्रावण के पहले सोमवार पर डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने किया कटहरा खास शिव मंदिर का निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर, मंदिर के सौंदर्यीकरण व पर्यटन विकास के दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here