श्रावण के पहले सोमवार पर डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने किया कटहरा खास शिव मंदिर का निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर, मंदिर के सौंदर्यीकरण व पर्यटन विकास के दिए निर्देश
महराजगंज। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जनपद के ऐतिहासिक कटहरा खास शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, यात्री निवास और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को मंदिर परिसर में दुकानों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो। एक शौचालय बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को उसे तत्काल संचालित कराने तथा पूरे परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर स्थित कंपोजिट विद्यालय का भी निरीक्षण किया। बच्चों से संवाद कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया तथा विद्यालय की बाउंड्रीवाल का निर्माण ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सहायक पर्यटन अधिकारी को मंदिर परिसर में यात्री सुविधाओं का विस्तार, मंदिर के सौंदर्यीकरण तथा पर्यटन विकास से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। मंदिर के निकट स्थित अमृत सरोवर में जल की कमी पाए जाने पर उसमें पर्याप्त पानी भरवाने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने मंदिर की प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक कर जनपदवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कटहरा खास शिव मंदिर जनपद के प्रमुख एवं प्राचीन आस्था केंद्रों में शामिल है। श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को यहां मध्यरात्रि से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। परंपरा के अनुसार पहले साधु-संतों द्वारा पूजा-अर्चना के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए जाते हैं।
निरीक्षण के दौरान सहायक पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, तहसीलदार पंकज शाही, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी वैभव सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















